Sunday, 3 September 2017

ये होंगे मोदी मंत्रिमंडल के 9 नए चेहरे, रेल मंत्रालय न मिलने से नाखुश JDU

PM Narendra Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को सुबह 10:30 बजे अपने कैबिनेट का विस्तार करेंगे। मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर बीजेपी में लगातार बैठकों का दौर जारी है। शनिवार दिन भर अमित शाह के घर नेताओं का आना-जाना लगा रहा, अब बीजेपी के 9 नए नेताओं के नाम सामने आए हैं। कहा जा रहा है कि मोदी मंत्रिमंडल में इन चेहरों को जगह मिल सकती है। हालांकि अभी तक पार्टी की ओर से इन नामों पर मुहर नहीं लगी है। वहीं सूत्रों के हवाले से ख़बर आ रही है कि शपथग्रहण से पहले मंत्रिमंडल शामिल होने वाले सांसदों को प्रधानमंत्री मोदी सुबह ब्रेकफास्ट पर बुलाएंगे। हालांकि संभावित सूची में सहयोगी दलों के किसी नेता का नाम नहीं है।
मोदी मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले संभावित चेहरों के नाम जारी कर दिए गए हैं:
1. शिव प्रताप शुक्ला
2. अश्विनी कुमार चौबे
3. वीरेंद्र कुमार
4. अनंत कुमार हेगड़े
5. राजकुमार सिंह
6. हरदीप सिंह पुरी
7. गजेंद्र सिंह शेखावत
8. सत्यापाल सिंह
9. अल्फ़ोंस कन्ननथनम
रेल मंत्रालय ना मिलने से  नाखुश हुई जेडीयू
हाल ही में एनडीए में शामिल हुई जेडीयू के मोदी कैबिनेट में शामिल होने पर संशय बढ़ गया है। जेडीयू के शीर्ष नेताओं को अभी तक बातचीत के लिए भी नहीं बुलाया गया है। खबर है कि नीतीश कुमार बीजेपी के ऑफर से खुश नहीं है। जेडीयू नेता केसी त्यागी ने कहा कि मंत्रिमंडल प्रधानमंत्री का विशेषाधिकार है।वहीं शिवसेना का कहना है कि उनकी कोई विशेष मांग नहीं है।
AIADMK भी नहीं होगी शामिल
इसके अलावा इन अटकलों पर भी विराम लगा है कि मोदी कैबिनेट में एक एआईएडीएमके को जगह मिलेगी। सूत्रों की मानें तो एआईएडीएमके भी कैबिनेट में शामिल नहीं होगी। अब तक मोदी सरकार और तमिलनाडु के सत्ताधारी दल के बीच कोई आधिकारिक वार्ता नहीं हुई हैं। प्रधानमंत्री ने सीएम ई. पलानीस्वामी और उप मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम दोनों के साथ बैठक की। एआईएडीएमके के विभिन्न राजनीतिक नेताओं और सांसदों ने राज्य के मामलों पर मार्गदर्शन के लिए हाल ही में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की, लेकिन एआईएडीएमके के एनडीए में शामिल होने पर अभी कोई आधिकारिक बात नहीं हुई है।
हाल ही में अन्नाद्रमुक नेता और उप लोकसभा अध्यक्ष थंबीदुरई की प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात के बाद अफवाहों को फिर से हवा मिली थी। अटकलें चल रही थीं कि एआईएडीएमके को एक कैबिनेट पद मिलेगा, लेकिन सूत्रों ने इस पर भी इनकार कर दिया है।
कई पर गिरी गाज
मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर गृह मंत्री राजनाथ सिंह के घर पर भी कल रात बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, नितिन गडकरी भी शामिल हुए थे। चारों मंत्रियों को पीएम मोदी और अमित शाह की तरफ से उपयुक्त संभावितों की सूची को शॉर्टलिस्ट करने के लिए कहा गया। इन सभी ने मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए भाजपा नेताओं की एक लंबी सूची का अध्ययन किया, जिसमें 7-8 राज्यों के नेता शामिल थे। संभावितों की एक शॉर्टलिस्ट बनाई गई। जाति, क्षेत्र और राज्यों के अन्य तत्वों के आधार पर लिस्ट तैयार की गई. चार मंत्रियों ने अमित शाह को सूची भेज दी।
वहीं फेरबदल से पहले कई मंत्रियों की छुट्टी भी गई है। बंदारु दत्तात्रेय ने श्रंम मंत्री की कुर्सी छोड़ी। राजीव प्रताप रुडी, फग्गन सिंह कुलस्ते और संजीव बाल्यान ने भी इस्तीफा सौंप दिया है। उमा भारती पर भी गंगा प्रोजेक्ट में देरी की गाज गिर गई है। उन्होंने ने भी पीएम को इस्तीफा सौंप दिया है, लेकिन अभी तक प्रधानमंत्री ने फैसला नहीं लिया है। कलराज मिश्र भी मंत्रीपद से इस्तीफा दे चुके हैं। उन्हें राज्यपाल बनाए जाने के कयास हैं।
कई का होगा प्रमोशन
इसके अलावा कयास है कि नई मोदी टीम में कई सीनियर मंत्रियों का विभाग बदल सकता है। नितिन गडकरी को रेल मंत्रालय की जिम्मेदारी मिलने के कयास हैं, तो सुरेश प्रभु को रेल की जगह पर्यावरण मंत्रालय मिल सकता है। राधामोहन सिंह भी कृषि की जगह दूसरे मंत्रालय में शिफ्ट किए जा सकते हैं। वहीं प्रकाश जावड़ेकर, पीयूष गोयल और धमेंद्र प्रधान को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।

No comments:

Post a Comment